विराट कोहली द्वारा भारतीय टी20 टीम की कप्तानी छोड़ने का एलान करने के बाद इस बात पर अब चर्चा शुरु हो गई है कि क्या उन्हें अब कार्यभार की वजह से आइपीएल टीम आरसीबी की कप्तानी भी छोड़ देनी चाहिए। अब ऐसी खबरें भी सामने आ रही हैं कि, अगर विराट कोहली की कप्तानी में आरसीबी ने इस साल खिताब नहीं जीता तो वो इस टीम की कप्तानी छोड़ सकते हैं।
बीसीसीआइ के एक पूर्व अधिकारी ने आइएएनएस को बताया, “विराट की ओर से यह किस तरह की घोषणा थी? क्या आप समझते हैं…काम के बोझ की समस्या हल हो गई?” मैंने कहीं पढ़ा है कि, भारत ने दिसंबर 2020 से कोविड महामारी ब्रेक के बाद भारत ने सिर्फ 8 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। मुझे लगता है कि, इससे ज्यादा तो आइपीएल के मैच खेल लिए होंगे। आइपीएल में कप्तानी करना आसान नहीं है। इस टूर्नामेंट की तीव्रता को देखें तो यहां जीत की डिमांड को आप शब्दों में नहीं बता पाएंगे।
इस पूर्व अधिकारी ने आगे कहा कि तो क्या विराट कोहली आरसीबी के कप्तान के रूप में अपना पद छोड़ देंगे। वो अभी भारत के तीनों प्रारूपों में कप्तानी कर रहे हैं और काम के बोझ का सवाल अभी हल नहीं हुआ है। वहीं एक क्रिकेट एक्सपर्ट ने ट्वीटर पर लिखा था कि उन्होंने सोचा था कि विराट कोहली आरसीबी की कप्तानी भी छोड़ देंगे। एक बल्लेबाज के तौर पर बेहद सफल विराट कोहली कभी भी सिमित प्रारूप खास तौर से टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में कप्तानी की कला में महारथी होने का दावा नहीं कर सकते।
अगर भारत टी20 वर्ल्ड कप 2021 का खिताब जीत लेता है तो विराट कोहली एक नई ऊंचाई पर पहुंचकर कप्तानी छोड़ेंगे। अगर विराट की कप्तानी में भारत खिताब नहीं जीतता तो उन्हें हटाने की मांग जरूर होती और पहले की कप्तानी पद छोड़ने का एलान करके वो इस ड्रामे से बच गए हैं तो वहीं टी20 वर्ल्ड कप 2021 से पहले विराट कोहली पर आरसीबी को टाइटल दिलाने का बड़ा दवाब है। विराट साल 2013 में आरसीबी के कप्तान बने थे और उसके बाद से ये टीम एक बार भी खिताब नहीं जीत पाई है।