बिलासपुर। शहर के मौसम में एक बार फिर बदलाव की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राजस्थान के ऊपर आठ फरवरी को एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती घेरा बनने की संभावना है। इसके प्रभाव से अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से प्रचुर मात्रा में नमी आने का अनुमान है। इसके कारण प्रदेश के मौसम में नौफरवरी से परिवर्तन होने की संभावना है। प्रदेश में बंगाल की खाड़ी से नमी युक्त गरम हवा आने के कारण प्रदेश में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में वृद्धि होने की संभावना है। प्रदेश में नौ फरवरी के देर शाम व रात्रि से 10 फरवरी तक हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है।
नौ फरवरी और 10 फरवरी को सरगुजा संभाग और उससे लगे बिलासपुर संभाग के जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना जताई गई है। वहीं दुर्ग और रायपुर संभाग के उत्तरी भाग में स्थित जिलों में एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने की संभावना है। इन सबको देखते हुए मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से चेतावनी भी जारी की गई है। इसके तहत प्रदेश में इस अवधि में एक दो स्थानों पर गरज चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका बनी रहेगी। इन सबके बीच शहर में फिलहाल दिन के तापमान में बढ़ोतरी होती जा रही है। वहीं रात के तापमान में बढ़ोतरी भी धीरे-धीरे हो रही है। मौसम में परिवर्तन से इसमें और ज्यादा बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी।