बिलासपुर, कोरबा, सरगुजा में खराब रहेगा मौसम, आज भी हल्की वर्षा के आसार

रायपुर, छत्‍तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदल गया है। विभिन्न क्षेत्रों में दोपहर को चिलचिलाती धूप और उमस के बाद बादल छाने के साथ तेज हवा चल रही है और वर्षा भी हो रही है। बुधवार बिलासपुर क्षेत्र में कुछ जगहों पर हल्की बारिश हुई। प्रदेश के उत्तर में उत्तरी और दक्षिण में दक्षिणी हवा आने को मौसम का मिजाज बदलने का कारण बताया जा रहा है। गुरुवार को भी इसके चलते प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की बारिश के आसार हैं। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि विशेष रूप से बिलासपुर, कोरबा और सरगुजा में मौसम ज्यादा खराब रहेगा।
मौसम का मिजाज बदलने के बाद भी लोगों को गर्मी व उमस से राहत नहीं मिली है। बुधवार को राजधानी रायपुर सहित प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहा। दोपहर की चिलचिलाती धूप और गर्मी से लोग हलाकान रहे। दोपहर के समय सड़कों पर सन्नााटा पसरा रहा। इन दिनों ठंडे पेय पदार्थों की मांग काफी बढ़ गई है और बिक्री जबरदस्त हो रही है। आइसक्रीम कारोबार भी तेज हो गया है, जो पिछले दो वर्षों में गर्मी के दिनों में भी ठंडा रहा।
बुधवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 40.3 डिग्री सेल्सियस (सामान्य) और न्यूनतम तापमान 27.3 डिसे, सामान्य से तीन डिसे अधिक रहा। प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान बिलासपुर में 42.0 डिसे और सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.6 डिसे कृषि विज्ञान केंद्र डूमरबहार जशपुर में दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि मौसम का मिजाज बदलने के बाद भी लोगों को गर्मी व उमस से राहत के आसार नहीं हैं।
शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *