रायपुर। छत्तीसगढ़ में इन दिनों उत्तर से ठंडी और शुष्क हवाएं आनी शुरू हो गई है। इसकी वजह से ठंड में बढ़ोतरी भी हुई है। छत्तीसगढ़ में आने वाले तीन से चार दिन में प्रदेश में ठंड और बढ़ने वाली है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक आने वाले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में पांच डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आएगी। इससे ठंड में और बढ़ोतरी होगी।
छत्तीसगढ़ में उत्तर से आ रही ठंडी हवाओं की वजह से सोमवार सुबह से राजधानी रायपुर सहित प्रदेश में मौसम में ठंडकता रही। हालांकि मौसम शुष्क रहा और धूप भी निकली। रायपुर का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस नीचे होते हुए 26.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। साथ ही रायपुर का न्यूनतम तापमान 14.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।
छत्तीसगढ़ में सबसे कम न्यूनतम तापमान कृषि विज्ञान केंद्र नारायणपुर में 11.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस साल ठंड अच्छी पड़ने के कारण गर्म कपड़ों का कारोबार भी काफी अच्छा रहा। कारोबारियों का कहना है कि पिछले साल की तुलना में कारोबार में काफी तेजी रही।
यह बन रहा सिस्टम
मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि प्रदेश में उत्तर से ठंडी व शुष्क हवाएं आ रही है। इसके प्रभाव से न्यूनतम तापमान में 28 जनवरी तक चार से पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी।साथ ही अधिकतम तापमान में मामूली वृद्धि होगी। हालांकि तापमान में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में सुबह-सुबह हल्की व मध्यम घना कोहरा छाएगा।