सूरजपुर। प्रेमनगर थाना क्षेत्र में जीआई तार से बाड़ी घेरकर उसमें बिजली का करंट प्रवाहित करने से एक ग्रामीण की मौत हो गई। प्रेमनगर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थिया प्रेमकुमारी पति विनोद राजवाड़े, निवासी ग्राम पिवरी थाना रामानुजनगर, ने थाना प्रेमनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि वह करीब एक सप्ताह पूर्व अपने मायके ग्राम महेशपुर आई थीं।
28 फरवरी 2026 की रात उनके भाई नर्मदा राजवाड़े (32), निवासी ग्राम महेशपुर, घर के पास स्थित हैंडपंप पर हाथ धोने गए थे। आरोप है कि गांव के गणेश राम राजवाड़े ने अपनी बाड़ी को जीआई तार से घेरकर उसमें बिजली का करंट प्रवाहित कर दिया था।
इसी दौरान नर्मदा राजवाड़े करंट की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मृत्यु हो गई। रिपोर्ट के आधार पर थाना प्रेमनगर में गणेश राम राजवाड़े के विरुद्ध अपराध दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।