वीडियो कॉल, जहर और मौत, बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया

झांसी: उत्तर प्रदेश के झांसी में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया. शादी के महज दस महीने बाद 22 वर्षीय युवक ने कथित तौर पर जहर खाकर अपनी जान दे दी. घटना से पहले युवक की अपनी पत्नी और ससुराल पक्ष से वीडियो कॉल पर बातचीत हुई थी. सूचना मिलने पर मेडिकल कॉलेज चौकी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मृतक की पहचान आशीष अहिरवार के रूप में हुई है, जो मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले के जीरोन थाना क्षेत्र के ममोरा गांव का रहने वाला था.

परिवार के मुताबिक आशीष दो भाइयों में सबसे बड़ा था. उसके मौसा रामसेवक ने बताया कि आशीष बचपन से ही उनके पास रहकर पला-बढ़ा था. उन्होंने ही उसे पढ़ाया-लिखाया और उसका पालन-पोषण किया. करीब दस महीने पहले आशीष की शादी झांसी जिले के मऊरानीपुर थाना क्षेत्र के पसराई गांव निवासी निधि से हुई थी. परिवार के अनुसार शादी के बाद सब कुछ सामान्य चल रहा था. इस बीच होली के बाद निधि अपने मायके चली गई थी और फिर वापस ससुराल नहीं लौटी. बताया जाता है कि दो दिन पहले आशीष उसे लेने ससुराल गया था, लेकिन ससुराल पक्ष ने उसे भेजने से मना कर दिया. इस बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी भी हुई थी.

परिजनों के अनुसार 8 तारीख को आशीष की पत्नी और ससुराल पक्ष से वीडियो कॉल पर बात हुई थी. इसी के बाद उसने कथित रूप से जहर खा लिया. हालत बिगड़ने पर परिजन उसे तुरंत झांसी मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. मृतक के मौसा रामसेवक का कहना है कि उन्होंने आशीष को अपने बेटे की तरह पाला था.

उसकी मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है. उन्होंने कहा कि अगर आशीष ने अपनी परेशानी पहले बताई होती तो परिवार हर संभव कोशिश करता. वहीं मेडिकल कॉलेज पुलिस चौकी प्रभारी मोहित राणा ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम कराया गया है. चूंकि मामला मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले से जुड़ा है, इसलिए आगे की कार्रवाई संबंधित जिले की पुलिस द्वारा की जाएगी.

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *