सड़क हादसों में दो की मौत, तीन गंभीर

बिलासपुर। कोनी क्षेत्र के बिरकोना हाई स्कूल के पास दो बाइक की टक्कर में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सिम्स में जाया गया है। जहां डाक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। वहीं, तीन घायलों को भर्ती कर उपचार किया जा रहा है। इधर सरकंडा में रविवार की देर रात हुए हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई। दोनों मामलों में पुलिस जांच कर रही है।
कोनी थाना प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि घटना सोमवार शाम की है। बिरकोना के हाई स्कूल के पास दो बाइक में टक्कर हो गई। दोनों बाइक की गति बहुत तेज थी। इसके कारण बाइक सवार गणेश यादव(25) निवासी बड़ी कोनी, रितेंद्र यादव(28) निवासी सेमरताल और राहुल सिंह(31) निवासी गतौरी व एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने इसकी सूचना कोनी पुलिस को दी। इस पर कोनी पुलिस ने घायलों को सिम्स पहुंचाया। सिम्स में डाक्टरों ने गणेश यादव को मृत घोषित कर दिया।
वहीं, अन्य घायलों को भर्ती कर उपचार किया जा रहा है। घायलों में एक की स्थिति गंभीर होने पर उसे निजी अस्पताल रेफर किया गया है। उसकी जानकारी पुलिस को देर रात तक नहीं मिल पाई थी। पुलिस ने मृतक के स्वजन को इसकी सूचना दी है। मंगलवार की सुबह स्वजन की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराया जाएगा। वहीं, एक अन्य घायल के संबंध में जानकारी ली जा रही है।
इधर सरकंडा थाना प्रभारी परिवेश तिवारी ने बताया कि तोरवा के सांई निवासी में रहने वाले खिरोज कुमार नायक(25) निजी संस्थान में काम करते थे। रविवार की रात वे अपने दोस्त के घर जाने के लिए बाइक पर निकले थे। छठ घाट के पास तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित हो गई। इससे वे बाइक से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
इस पर पुलिस ने आहत को सिम्स पहुंचाया। सिम्स में डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर शव सुरक्षित रखवा दिया। सोमवार को सरकंडा पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। पुलिस मामला दर्ज कर इसकी जांच कर रही है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *