रायपुर, भानपुरी स्थित पाटीदार भवन, रायपुर में भारतीय रेलवे मजदूर संघ (BRMS) की राष्ट्रीय कार्यसमिति की दो दिवसीय बैठक का शुभारंभ हुआ। इस महत्वपूर्ण बैठक के उद्घाटन सत्र में देशभर से आए संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
उद्घाटन सत्र के मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय मजदूर संघ के राष्ट्रीय संगठन मंत्री बी. सुरेन्द्रम जी, क्षेत्रीय संगठन मंत्री सुनील ककरवाई जी, प्रदेश महामंत्री दिनेश पांडेय जी, BRMS के राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन कुमार जी तथा राष्ट्रीय महामंत्री संतोष पटेल जी मंच पर उपस्थित थे। मंच संचालन संतोष पटेल जी ने किया, वहीं अध्यक्षीय उद्बोधन पवन कुमार जी द्वारा दिया गया।
बी. सुरेन्द्रम जी ने अपने विचार व्यक्त करते हुए बताया कि भारतीय मजदूर संघ मजदूर हितों की रक्षा के लिए सतत प्रतिबद्ध है। उन्होंने हाल ही में सम्पन्न अंतरराष्ट्रीय श्रम संगठन की बैठक में भारतीय मजदूर संघ की भूमिका पर प्रकाश डाला, जिसमें संगठन ने भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए श्रमिकों के लिए सामाजिक सुरक्षा की पुरजोर मांग रखी। साथ ही, उन्होंने यह भी मांग की कि स्किल्ड लेबर को अंतरराष्ट्रीय मान्यता दी जाए जिससे वैश्विक स्तर पर कार्य करने वाले श्रमिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इसके अतिरिक्त, सुरेन्द्रम ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के नियमन हेतु कानून बनाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया, जिससे इसके दुरुपयोग पर रोक लगाई जा सके। उनकी बातों को विभिन्न देशों से आए श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने सराहा और BRMS की कार्यशैली से प्रेरित होकर प्रतिनिधिमंडल को भारत भेजने की इच्छा व्यक्त की। इसी क्रम में मिस्र से एक प्रतिनिधिमंडल नई दिल्ली भी पहुंचा है।
बैठक का समापन उद्बोधन पवन कुमार जी द्वारा किया गया। यह कार्यसमिति की बैठक कल दिनांक 08 जुलाई 2025 को भी जारी रहेगी, जिसमें भारतीय रेलवे क्षेत्र की आगामी रणनीतियों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।