ट्रक ने पदयात्रियों को कुचला, दो की मौत, 8 घायल

मेहसाणा: गुजरात के मेहसाणा जिले में स्थित बहुचराजी के पास एक ट्रक ने पैदल चल रहे यात्रियों को कुचल दिया। हादसे में दो की मौत हो गई और 8 लोग घायल हो गए। जानकारी के अनुसार यह हादसा बहुचराजी-मोढेरा रोड पर नवा देलवाडा गांव के नजदीक सोमवार देर रात उस समय हुआ, जब चैत्री पूनम के पावन अवसर पर मां बहुचर के दर्शन के लिए जा रहे पदयात्रियों का एक समूह सड़क से गुजर रहा था। तभी एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने अचानक इन श्रद्धालुओं को अपनी चपेट में ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक की गति काफी तेज थी और चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर ही दो पदयात्रियों की मौत हो गई जबकि आठ अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में से छह की हालत नाजुक है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, यह पदयात्री संघ सिद्धपुर तालुका के धनावाडा गांव के थे, जो हर वर्ष की तरह इस बार भी श्रद्धा और आस्था के साथ पैदल यात्रा कर बहुचराजी मंदिर जा रहा था लेकिन उनकी यह यात्रा इस दर्दनाक हादसे में बदल गई।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तुरंत पास के अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। गंभीर रूप से घायल श्रद्धालुओं को इलाज के लिए धारपुर सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है, जो हादसे के बाद मौके से फरार बताया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में लापरवाही और तेज रफ्तार को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ट्रक चालक की तलाशी की जा रही है, जल्द ही उसको गिरफ्तार कर लिया जाएगा। हादसे वाली जगह से कुछ दूर पर सीसीटीवी फुटेज मिला है, जिसके आधार पर ट्रक चालक की पहचान की जा रही है।
शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *