अंतरराष्ट्रीय स्तर पर धातुओं की कमजोर कीमतों और रुपये की मजबूती के बीच राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार को सोना 423 रुपये की गिरावट के साथ 47,777 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया। पिछले कारोबार में सोना 48,200 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। चांदी भी 1,105 रुपये की गिरावट के साथ 61,652 रुपये प्रति किलोग्राम रह गई, जो पिछले कारोबार में 62,757 रुपये प्रति किलोग्राम थी।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के सीनियर एनालिस्ट (कमोडिटीज) तपन पटेल ने कहा, ‘दिल्ली में 24 कैरेट सोने की कीमतों में 423 रुपये की गिरावट आई है, जो COMEX सोने की कीमतों में रातोंरात बिकवाली के साथ-साथ रुपये की मजबूती को दर्शाता है।’
शुक्रवार को सुबह के कारोबार में भारतीय रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 4 पैसे की मामूली बढ़त के साथ 75.05 पर खुला। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 1,794 डॉलर प्रति औंस पर और चांदी 22.63 डॉलर प्रति औंस पर सपाट कारोबार कर रही थी।