ये दिग्गज नहीं मानता था आर अश्विन को टेस्ट क्रिकेट का खिलाड़ी, लेकिन अब तारीफ करते नहीं थकते

कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेले गए भारत बनाम न्यूजीलैंड टेस्ट मैच के आखिरी दिन कमेंट्री करते हुए पूर्व क्रिकेटर वीवीएस लक्ष्मण ने आर अश्विन के साथ अपनी पहली मुलाकात का जिक्र किया। साल 2008 के एक वाकये को याद करते हुए क्रिकेटर से कमेंटेटर बने वीवीएस लक्ष्मण ने कहा है कि उस समय उनको नहीं लगा था कि आर अश्विन टेस्ट क्रिकेट या रेड बाल के गेंदबाज हैं और वे आगे भी सफल होंगे।
पूर्व बल्लेबाज और नेशनल क्रिकेट एकेडमी यानी एनसीए के प्रमुख बनने जा रहे वीवीएस लक्ष्मण ने आकाश चोपड़ा के साथ कमेंट्री करते हुए कहा कि मैंने आर अश्विन को 2008 की दलीप ट्राफी के दौरान देखा था। उस समय मुझे नहीं लगता था कि आर अश्विन टेस्ट क्रिकेट के इस खिलाड़ी होंगे। उस दौरान उनके पास गेंदबाज के तौर पर सिर्फ आफ स्पिन थी, जो कि टेस्ट क्रिकेट में एक स्पिन गेंदबाज के तौर पर सफल होने के लिए काफी नहीं है।
वीवीएस लक्ष्मण ने कहा, “2008 में दलीप ट्राफी में आर अश्विन को देखा था वो आफ स्पिन करते थे, लेकिन अब उनके पास कई विकल्प हैं। वे आफ स्पिन के अलावा लेग स्पिन, कैरम बाल और कई तरह के एक्शन से गेंदबाजी करते हैं। अनुभव के साथ वे चतुर और इंटेलीजेंट गेंदबाज बन गए हैं। वे दिमाग से पढ़ लेते हैं कि बल्लेबाज क्या सोच रहा है। वे स्मार्ट क्रिकेट खेलना पसंद करते हैं और हर एक चीज को ध्यान में रखते हैं।”
पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीवीएस लक्ष्मण ने आर अश्विन की मेहनत की भी तारीफ की। उन्होंने कहा है कि वे हर समय मेहनत करना पसंद करते हैं और नई-नई चीजें सीखते रहते हैं। वे अब एक ओवर में 6 अलग तरीके से गेंद फेंकने में सक्षम हैं। वे किसी भी विकेट पर अच्छी गेंदबाजी कर सकते हैं। आर अश्विन टेस्ट क्रिकेट में भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले तीसरे गेंदबाज बन गए हैं।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *