कांग्रेस नेता के दो मंजिला मकान में चोरी, 14 लाख ले गए चोर

अंबिकापुर। अंबिकापुर के मठपारा में युवक कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता विष्णु सिंह देव के सूने मकान में करीब 15 लाख की चोरी हो गई। शातिर चोर पीछे के रास्ते से एग्जॉस्ट फैन को उखाड़कर घर में घुसे थे। आरोपियों ने एक लाख नगद और करीब 14 लाख के सोने-चांदी के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। मामला मणिपुर चौकी क्षेत्र का है।

युकां प्रदेश प्रवक्ता विष्णु सिंह देव का शहर के मठपारा में दोमंजिला मकान है। 27 जनवरी को वे अपनी पत्नी और बच्चे के साथ अपने पैतृक निवास बलरामपुर जिले के शंकरगढ़ गए थे। रविवार की दोपहर करीब 1 बजे जब वे वापस अंबिकापुर लौटे, तो घर के अंदर का नजारा देखकर सन्न रह गए। घर का पूरा सामान बिखरा पड़ा था। ग्राउंड फ्लोर पर उनके मां के कमरे की दो अलमारियां टूटी हुई थीं और उसमें रखे 1 लाख रुपए नगद, 10 सोने की अंगूठी, सोने और चांदी के पुराने पायल समेत कई जेवर गायब थे।

विष्णु देव ने तत्काल घटना की सूचना मणिपुर चौकी पुलिस को दी। खबर मिलते ही पुलिस, फॉरेंसिक एक्सपर्ट और डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। विष्णु सिंह ने बताया कि चोरी कुल 15 लाख रुपए की हुई है, जबकि पुलिस 5-7 लाख रुपए की चोरी होना बता रही है। पुलिस ने बताया कि आरोपी घर के पीछे के रास्ते से अंदर घुसे। उन्होंने सीढ़ी लगाकर एग्जॉस्ट फैन उखाड़ा और फिर उसी रास्ते से अंदर दाखिल हुए। आरोपियों की संख्या कितनी है, अभी पता नहीं चल सका है, हालांकि उन्होंने बताया कि ये किसी एक आरोपी का काम नहीं है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *