डीजे बजाने से रोका तो ग्रामीणों ने कर दी पुलिस की पिटाई, लहूलुहान हुए जवान

भोजपुर: शुक्रवार को भोजपुर जिले के एक गांव में पुलिस तथा ग्रामीणों के मध्य तकरार हो गई, जिसमें 4 पुलिसकर्मियों के चोटिल होने की जानकारी है। यह झगड़ा आयर गांव में सूर्य भगवान की प्रतिमा विसर्जन करने के चलते हुआ जब पुलिस ने यहां डीजे बजाने पर प्रतिबंध लगा दिया। इस बात से गुस्साए रहवासियों ने पुलिस के साथ ही हाथापाई कर दी तथा पत्थरबाजी भी की।
वही धार्मिक से हिंसक हुए इस झगड़े में एएसआई दीपक कुमार तथा होमगार्ड महेंद्र सिंह सहित कुल चार पुलिस वाले चोटिल हुए हैं। सभी को उपचार के लिए स्थानीय सीएचसी (सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र) में एडमिट कराया गया है। पुलिस ने इस केस में कार्रवाई करते हुए आयर गांव के ही रहने वाले दो व्यक्तियों, ओम प्रकाश चौधरी तथा मिथिलेश चौधरी को हिरासत में लिया है।
दरअसल, गांव के पोखर पर ही लोग छठ पूजा करते हैं। प्रत्येक वर्ष की भांति इस बार भी यहां लोगों ने सूर्य देव की मूर्ति स्थापित की थी। थाना प्रभारी ने इसे लेकर नियमों की बात कही थी कि जुलूस निकालने के लिए मंजूरी की आवश्यकता है। लोगों ने इस पर कहा था कि हम प्रतिमा यहीं रखते हैं तथा पोखर में विसर्जित करते हैं, कोई जुलूस नहीं निकाला जाता है। पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार की दोपहर को प्रतिमा विसर्जन के चलते लोगों ने डीजे बजाते हुए जुलूस निकाला। इसकी खबर प्राप्त होने पर थाना प्रभारी वहां पहुंचे तथा आपत्ति व्यक्त की। इसी को लेकर लोगों तथा पुलिस के बीच बहस हो गई जिसने हिंसक झड़प का रूप ले लिया।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *