दमोह जिले के तेंदूखेड़ा थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम एक कार का पिछला टायर फट गया। जिससे कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में पलट गई। कार में सवार पटेल परिवार के सभी सदस्य बरमान घाट से नर्मदा दर्शन कर घर लौट रहे थे। हादसे में कार सवार पांच लोग घायल हो गए, जिनमें से दो बुजुर्गों की हालत गंभीर बताई जा रही है। दोनों बुजुर्ग सगे भाई रामप्रसाद (80 वर्ष) और सूरत (65 वर्ष) हैं, जिन्हें इलाज के लिए जबलपुर रेफर किया गया है।
हादसे को राहगीरों ने देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों ने घायलों को कार से बाहर निकाला। 108 की मदद से सभी घायलों को तेंदूखेड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। पुलिस ने बताया कि अगर राहगीर समय पर नहीं पहुंचते तो घायलों की जान को खतरा हो सकता था। तेंदूखेड़ा पुलिस ने बताया कि हादसा शाम करीब छह बजे नरगवा के उतरई के पास हुआ। कार का टायर फटने से यह हादसा हुआ। पुलिस जांच कर रही है और घायलों का इलाज चल रहा है।