₹4000 की सैलरी वाले TMC नेता का ‘महलनुमा घर’ वायरल, वीडियो देख उठे सवाल

पश्चिम बंगाल | पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में पुलिस ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) के एक स्थानीय नेता प्रसेंजीत साहा को गिरफ्तार किया है। उन पर धमकी, जबरन वसूली और अवैध रूप से संपत्ति अर्जित करने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

गिरफ्तारी के बाद राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है, खासकर तब जब सोशल मीडिया पर उनके कथित आलीशान घर का वीडियो वायरल हो रहा है। आरोप है कि ₹4000 मासिक वेतन वाले पंचायत उप-प्रधान प्रसेंजीत साहा ने अवैध तरीकों से भारी संपत्ति अर्जित की और एक भव्य महलनुमा घर बनाया।

Trinamool Congress से जुड़े इस मामले में भाजपा ने वीडियो जारी कर तीखी प्रतिक्रिया दी है। भाजपा का दावा है कि यह मामला टीएमसी के “जमीनी नेतृत्व मॉडल” में कथित भ्रष्टाचार और वसूली की पोल खोलता है।

पुलिस के अनुसार, प्रसेंजीत साहा पर लोगों को डराने-धमकाने और जबरन वसूली के कई आरोप पहले से दर्ज हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि उन्होंने कथित रूप से वेटलैंड्स पर अवैध भराई कर जमीन को ऊंचे दामों पर बेचा।

इसी क्षेत्र में पुलिस ने एक अन्य कार्रवाई में दो टीएमसी नेताओं—सुजीत साहा और अजीत साहा—को भी गिरफ्तार किया है। इनके पास से 27 लाख रुपये नकद, हथियार और भारी मात्रा में कारतूस बरामद होने की जानकारी सामने आई है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और सभी आरोपों की पुष्टि के लिए दस्तावेज और संपत्ति के स्रोतों की जांच की जा रही है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *