देहरादून: बुधवार को उत्तराखंड की पुष्कर सिंह धामी सरकार में शपथ लेने वाले मंत्री सौरभ बहुगुणा (Saurabh Bahuguna) का शपथ ग्रहण कार्यक्रम के समय कीमती फ़ोन गायब हो गया। राजधानी देहरादून के परेड ग्राउंड में वह अपना मोबाइल फोन लेकर पहुंचे थे। इसकी खबर उन्होंने सोशल मीडिया पर दी।
भारतीय जनता पार्टी सरकार के मंत्री सौरभ बहुगुणा ने फेसबुक पर लिखा, आज देहरादून परेड ग्राउंड में शपथ ग्रहण कार्यक्रम के समय मेरा मोबाइल फोन (iPhone 13) कहीं गिर गया है। ऐसे में यदि आप में से किसी को भी फ़ोन मिलता है तो आप मेरे फेसबुक पेज पर मुझसे कांटेक्ट करें। यदि मेरे कांटेक्ट नंबर से किसी के पास कोई भी फ़ोन आता है तो कृपया सावधानी बरतें।
आपको बता दें कि मंत्री सौरभ बहुगुणा उत्तराखंड के पूर्व सीएम विजय बहुगुणा के सबसे छोटे बेटे हैं। उनके दादा हेमवती नंदन बहुगुणा पूर्व केंद्रीय मंत्रिमंडल मंत्री तथा यूपी के पूर्व सीएम रह चुके हैं। सितारगंज विधानसभा सीट से 2012 में विजय बहुगुणा MLA निर्वाचित हुए थे। 2017 में विजय बहुगुणा के बेटे सौरभ बहुगुणा चुनावी बाजी जीतकर विधानसभा पहुंचे थे। भारतीय जनता पार्टी के सौरभ बहुगुणा के सामने कांग्रेस की मालती विश्वास को 28 हजार वोट से ज्यादा के अंतर से हार का सामना करना पड़ा था। 2022 में भी सौरभ पर बीजेपी ने विश्वास व्यक्त किया तथा उन्हें सितारगंज से प्रत्याशी बनाया था।