रायपुर। छत्तीसगढ़ में होली के दिन शराब बिक्री को लेकर स्थिति एक बार फिर बदल गई है। राज्य सरकार ने होली पर शराब बिक्री की अनुमति नहीं देने का फैसला किया है। आबकारी विभाग इस संबंध में जल्द आदेश जारी करेगा। नई आबकारी नीति में पहले तय सात ड्राई डे में से तीन दिन होली, मुहर्रम और महात्मा गांधी निर्वाण दिवस (30 जनवरी) को हटाने का निर्णय लिया गया था। इसके बाद माना जा रहा था कि इन दिनों शराब दुकानें खुली रहेंगी।
अब सरकार ने रुख बदलते हुए होली पर शराब बिक्री पर रोक लगाने का निर्णय लिया है। यानी होली के दिन राज्यभर में शराब दुकानें बंद रहेंगी। बताया जा रहा है कि सामाजिक और कानून-व्यवस्था की स्थिति को ध्यान में रखकर यह फैसला लिया गया है। आदेश जारी होने के बाद स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो जाएगी। बाकी ड्राई डे पूर्व निर्धारित व्यवस्था के अनुसार लागू रहेंगे।