अंदर से लॉक था फ्लैट, दरवाजा तोड़ा तो अंदर खून से लथपथ पड़े थे माँ-बेटे के शव

कोलकाता: बंगाल की राजधानी कोलकाता के पर्णाश्री इलाके के दक्षिणी क्षेत्र में एक किशोर और उसकी मां के शव उनके फ्लैट के भीतर बरामद हुए हैं। इस संबंध में छह लोगों को हिरासत में लिया गया है। कोलकाता पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पर्णाश्री पुलिस थाना के एक अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया है कि 13 वर्षीय तोमोजीत मंडल और उसकी मां सुष्मिता के खून से सराबोर शव उनके फ्लैट में पड़े मिले और फ्लैट का मुख्य दरवाजा भीतर से बंद था।

नौकरी से लौटने पर किशोर के पिता तपन मंडल को जब घर के अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो उन्होंने दरवाजा तोड़ा और बाद में पुलिस को घटना के बारे में सूचना दी। पुलिस ने बताया कि, ”हम यह पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं कि क्या फ्लैट से कुछ गायब हुआ है। दरवाजा भीतर से बंद था और किसी के भी जबरन प्रवेश करने का कोई सुराग नहीं है।” तपन मंडल को अपने पड़ोसी की सहायता से दरवाजा तोड़ना पड़ा।

अधिकारी ने बताया कि, ”हमने इस सिलसिले में छह लोगों को कस्टडी में लिया है। सभी आरोपियों का परिवार से कोई ताल्लुक नहीं है। हम तपन मंडल के साथ-साथ पड़ोसियों से भी बात कर रहे हैं।” उन्होंने बताया कि पुलिस तोमोजीत को कोचिंग पढ़ाने वाले व्यक्ति की भी तलाश कर रही है, जो गोपाल मिश्रा रोड स्थित उनके घर पर सोमवार शाम को आया था। उन्होंने बताया कि सुराग का पता लगाने के लिए श्वान दस्ते को लगाया गया है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *