सक्ती। जिले में दर्दनाक हादसे में एक शिक्षक की मौत हो गई। शिक्षक अपने घर से ड्यूटी जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान डभरा-खरसिया मुख्य मार्ग के पास तेज रफ़्तार वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में शिक्षक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मृतक शिक्षक के परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और शव को सड़क पर रख कर प्रदर्शन करने लगे। पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझाकर सड़क क्लियर करवाया गया। डभरा पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मामले की जांच की जा रही है।
घटना सक्ती जिले के डभरा थाना क्षेत्र के खरसिया मुख्य मार्ग की है। बाइक सवार शिक्षक रघुनंदन चंद्रा 42 वर्षीय ड्यूटी जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान लक्ष्मणभाटा स्थित नौरंगे फैब्रिकेशन के पास उनकी बाइक को तेज रफ़्तार वाहन ने टक्कर मार दी।
इस घटना में बाइक के परखच्चे उड़ गये। वहीं, शिक्षक को भी सिर, हाथ, पैर में गंभीर चोट लगी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इधर, हादसे की खबर मिलने के बाद ग्रामीण और मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे और शव को सड़क पर रख कर प्रदर्शन करने लगे। साथ ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर कड़ी सजा की मांग की। लोगों के प्रदर्शन की वजह से घंटो सड़क जाम रहा। पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझाकर सड़क क्लियर करवाया गया।