जगदलपुर। जगदलपुर में स्थिति पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय स्कूल के 7 छात्रों की टीचर ने बेदम पिटाई की है। बताया जा रहा है कि, सोमवार की रात हॉस्टल में लाइट गुल हुई थी, तब छात्र मस्ती करने लगे थे। इसी बीच टीचर रूम में पहुंचे, लोहे की रॉड ली और फिर 7 बच्चों को बेदम पीट डाला। टीचर की मार से बच्चे जोर-जोर से चिल्लाने लगे। कुछ बच्चों के शरीर पर चोट भी आई है। वहीं अगले दिन सुबह हॉस्टल से ही किसी ने बच्चों के परिजनों को इसकी सूचना दे दी। जिसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे। एक बच्चे के शरीर में चोट देखकर मां भी रोने लगे गई।
फिलहाल प्रबंधन की तरफ से इस मामले को लेकर कोई बयान सामने नहीं आया है। छात्र आशीष भारती ने कहा कि, हम हॉस्टल में थे। रात में लाइट गुल होने पर गाना गा रहे थे, मस्ती कर रहे थे। उसी समय हमारे जियोग्राफी के सर सौरभ अवस्थी जो वार्डन भी हैं रूम में आए और सब को मारने लगे। मैं बेड में बैठा हुआ था। सर दम लगा-लगाकर मारे। कनपटी में भी मारे। फिर नीलेश भैया सर को मारने से रोके तो सर ने उन्हें भी बहुत मारा।