शिमला। हिमाचल प्रदेश में हुई बर्फबारी के बाद सडक़ों के बंद रहने से हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस सेवाएं लगातार तीसरे दिन भी पूरी तरह प्रभावित रहीं। बर्फबारी के कारण प्रदेश भर में 592 रूटों पर बस सेवाएं पूरी तरह बंद रहीं, जबकि 187 रूटों पर बसें विभिन्न स्थानों पर फंसी रहीं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। रविवार को मौसम में आंशिक सुधार और प्रशासन द्वारा सडक़ बहाली कार्य तेज किए जाने के बाद कुल्लू, शिमला, मंडी, कांगड़ा और चंबा जिलों में कई प्रमुख सडक़ों को आंशिक रूप से बहाल किया गया। सडक़ों के खुलते ही विभिन्न मार्गों पर फंसी एचआरटीसी की बसों को सुरक्षित रूप से उनके संबंधित डिपुओं तक पहुंचाया गया। निगम ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले संबंधित डिपो या निगम की सूचना सेवा से बस संचालन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें।