बारातियों से भरी वैन और ट्रक में भिड़ंत दूल्हा- दुल्हन समेत छह घायल

रायगढ़। जिले के सरिया थाना क्षेत्र में देर रात बारातियों से भरी एक वैन ट्रक से जा टकराई है। जिसमें दूल्हा-दुल्हन समेत 6 बराती घायल हो गए हैं। घटना सरिया थाना क्षेत्र के सूरजगढ़ पुल के पास हुई। सभी घायलों को उपचार के लिए पुसौर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। जिसमें गंभीर रूप से घायलों को रायगढ़ मेकाहारा में भर्ती कराया गया हैं। हादसे में घायल पुसौर क्षेत्र के नवापारा गांव के हैं जो ओडीशा के कोसमडीह से विवाह के पश्चात पुसौर वापस लौट रहे थे।
इस संबंध में सरिया टीआई कमल किशोर पटेल ने बताया कि पुसौर नवापारा से एक बारात ओडिशा के कोसमडीह गई हुई थी वहां से वापस लौटते वक्त रात लगभग 10:30 बजे उक्त दुर्घटना हुई। जानकारी के मुताबिक वैन के ड्राइवर ने अपने आगे जा रहे ट्रक को पीछे से ठोकर मार दी । यह ठोकर इतनी जोरदार थी कि वैन का आधा भाग ट्रक के नीचे घुस गया। इस दुर्घटना में दुल्हा जितेन्द्र व दुल्हन बाबी सहित महिलाएं एवं बच्चे भी घायल हुए हैं। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए और घायलों को वैन से निकाला।

इस दौरान ग्रामीणों ने हादसे की जानकारी तुरंत सरिया पुलिस को फोन करके दी। साथ ही एंबुलेंस भेजने की मांग की। हादसे खबर मिलते ही सरिया थाना प्रभारी कमल किशोर पटेल अपने दलबल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और घायलों को पुसौर स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। टीआई घायलों के साथ खुद भी हास्पिटल पहुंचे। उन्होंने बताया कि वैन चालक शराब के नशे में था जिसके कारण दुर्घटना हुई है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *