सिद्धार्थ-कियारा ने दिल्ली में मनाई पहली एनिवर्सरी

मुंबई : एक्ट्रेस कियारा आडवाणी (31) और एक्टर सिद्धार्थ मल्होत्रा (39) की शादी का एक साल 7 फरवरी को हो गया था। सिद्धार्थ-कियारा को बॉलीवुड से लेकर साउथ सिनेमा तक के स्टार्स जमकर बधाइयां दी थीं। उन्होंने हाल ही दिल्ली में अपनी पहली वेडिंग एनिवर्सरी मनाई। इस पार्टी की इनसाइड फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। कपल ने अपनी फैमिली के साथ एनिवर्सरी सेलिब्रेट की। दोनों परिवारवालों के साथ एंजॉय करते नजर आए।

कपल को इस सेलिब्रेशन के बाद वेलेंटाइन डे से पहले वेकेशन पर भी जाते हुए स्पॉट किया गया। जो वीडियो सामने आया है, उसमें कपल सेल्फी वीडियो रिकॉर्ड करता दिख रहा है। दोनों अपने दोस्तों और परिवार के सदस्यों से घिरे हुए हैं। कियारा ने ब्लैक कलर की ड्रेस पहनी है, जबकि सिद्धार्थ भी ब्लैक पैंट-शर्ट के साथ मैरून ब्लेजर में दिखे। अपनी वेडिंग एनिवर्सरी पर दोनों ने एक खूबसूरत पोस्ट शेयर की थी, जिसमें दोनों साथ में हॉर्स राइडिंग करते हुए नजर आ रहे थे।

ये तस्वीर साझा करते हुए उन्होंने लिखा था कि “सफर या मंजिल नहीं, आपका साथी कौन है… वह मायने रखता है। जिंदगी के इस क्रेज राइड में मेरा बेस्ट पार्टनर होने के लिए शुक्रिया।” उल्लेखनीय है कि कियारा और सिद्धार्थ ने राजस्थान में स्वर्ण नगरी के नाम से विख्यात जैसलमेर में शादी की थी। उन्होंने सूर्यगढ़ पैलेस में परिवार के सदस्यों और दोस्तों की मौजूदगी में पारंपरिक समारोह में सात फेरे लिए थे।

कियारा ने इंस्टाग्राम पर वेडिंग फोटो शेयर की थीं। वर्कफ्रंट पर नजर डालें तो कियारा जल्द ही राम चरण के साथ ‘गेम चेंजर’ में नजर आएंगी। वह ‘डॉन 3’ में रणवीर सिंह के साथ भी आ सकती हैं। उनकी पिछली फिल्म कार्तिक आर्यन के साथ ‘सत्यप्रेम की कथा’ थी। दूसरी ओर, सिद्धार्थ को हाल ही में वेब सीरीज ‘इंडियन पुलिस फोर्स’ में देखा गया था। उनकी अगली फिल्म ‘योद्धा’ है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *