नई दिल्ली | विमेंस एशिया कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच 5 सितंबर को खेले गए मुकाबले के बाद पाकिस्तानी फैंस का एक वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है। वायरल वीडियो में कुछ पाकिस्तानी फैंस टीम इंडिया की तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ को लेकर आपत्तिजनक और जेंडर आधारित टिप्पणियां करते नजर आ रहे हैं।
भारत ने इस मुकाबले में पाकिस्तान को एकतरफा अंदाज में 7 विकेट से हराया था। मैच के दौरान भारतीय गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के चलते पाकिस्तान की पूरी टीम महज 55 रन पर सिमट गई थी।
क्रांति गौड़ पर किए भद्दे कमेंट
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कुछ पाकिस्तानी फैंस क्रांति गौड़ के खिलाफ आपत्तिजनक बातें करते सुनाई दे रहे हैं। वीडियो में उनकी जेंडर को लेकर भी टिप्पणी की गई। इस घटना को लेकर सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने नाराजगी जताई और इसे महिला खिलाड़ी के प्रति असम्मानजनक व्यवहार बताया।
भारत ने पाकिस्तान को 7 विकेट से हराया
मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान की टीम 18.1 ओवर में सिर्फ 55 रन पर ऑलआउट हो गई। पाकिस्तान की ओर से शवाल जुल्फिकार और मुनीबा अली ही दोहरे अंक तक पहुंच सकीं।
भारत की ओर से श्री चरणी और प्रेमा रावत ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन-तीन विकेट झटके। वहीं दीप्ति शर्मा ने दो विकेट हासिल किए। भारत ने 56 रनों का लक्ष्य महज 8.4 ओवर में 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया।
सेमीफाइनल में पहुंची टीम इंडिया
इस जीत के साथ भारतीय महिला टीम ने ग्रुप ए में लगातार तीसरी जीत दर्ज की और सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली। वहीं पाकिस्तान की टीम पर टूर्नामेंट से बाहर होने का खतरा मंडरा रहा है। पाकिस्तान को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए हांगकांग के खिलाफ अपना आखिरी मुकाबला जीतना होगा।