चेन्नई | दलीप ट्रॉफी 2026 के फाइनल में ईस्ट जोन के कप्तान ईशान किशन ने धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए दोहरा शतक जड़ दिया। साउथ जोन के खिलाफ खेले जा रहे खिताबी मुकाबले में ईशान ने 301 गेंदों पर 250 रनों की शानदार पारी खेली और इसके बाद रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान से बाहर चले गए।
ईशान ने अपनी पारी में 27 चौके और 7 छक्के लगाए। उन्होंने 270 गेंदों में अपना दोहरा शतक पूरा किया। इसके बाद भी उनकी आक्रामक बल्लेबाजी जारी रही और उन्होंने 250 रन के आंकड़े तक पहुंचकर ईस्ट जोन को बेहद मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
दलीप ट्रॉफी फाइनल में ऐसा करने वाले पांचवें बल्लेबाज
ईशान किशन दलीप ट्रॉफी के फाइनल में दोहरा शतक लगाने वाले चुनिंदा बल्लेबाजों की सूची में शामिल हो गए हैं। उनकी 250 रन की पारी फाइनल के इतिहास की तीसरी सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी भी बताई जा रही है।
दलीप ट्रॉफी फाइनल में सबसे बड़ी पारी का रिकॉर्ड रमन लांबा के नाम है। उन्होंने 1987-88 के फाइनल में नॉर्थ जोन की ओर से खेलते हुए वेस्ट जोन के खिलाफ 320 रन बनाए थे। वहीं इसी मुकाबले में अंशुमान गायकवाड़ ने 216 रन की पारी खेली थी।
गर्मी के कारण हुए रिटायर्ड हर्ट
ईशान किशन ने पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए पहले दिन ही अपना शतक पूरा कर लिया था। वह 111 रन बनाकर नाबाद थे। दूसरे दिन उन्होंने अपनी पारी को आगे बढ़ाते हुए दोहरा शतक पूरा किया और फिर 250 रन तक पहुंचे।
बताया गया कि चेन्नई की तेज गर्मी के कारण ईशान थकान और असहजता महसूस करने लगे थे। इसके बाद उन्होंने रिटायर्ड हर्ट होने का फैसला लिया।
ईस्ट जोन मजबूत स्थिति में
ईशान किशन की इस शानदार पारी की बदौलत ईस्ट जोन ने साउथ जोन के खिलाफ अपनी स्थिति बेहद मजबूत कर ली है। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक ईस्ट जोन ने 145 ओवर में 6 विकेट खोकर 652 रन बना लिए थे।