रायपुर। ‘बचपन का प्यार’ (Bachpan Ka Pyaar) गाने से रातों रात फेम पाने वाले छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) के सहदेव दिरदो (Sahdev Dirdo) का एक नया वीडियो सामने आया है। पिछले साल 28 दिसंबर को सहदेव का एक्सीडेंट हुआ था जिसके बाद उन्हें काफी चोट आई थी और उनका कई दिनों तक अस्पताल में इलाज चला। उस दौरान वो सिर पर चोट लगने के कारण बेहोश हो गए थे। उनके एक्सीडेंट की खबर पूरे देश में फैलने के बाद उनके लिए लोग प्रार्थना कर रहे थे। अब इस कड़ी में सहदेव का एक्सीडेंट के बाद एक वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में वो सभी का धन्यवाद करते हैं।
बता दें कि सहदेव ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया जिसमें वो हाथ जोड़कर सभी देशवासियों और डॉक्टरों का शुक्रिया अदा कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने कहा कि वो अब बिलकुल ठीक हैं। उन्होंने कैप्शन में लिखा कि, मेरे लिए प्रार्थना करना और शुभकामनाओं के लिए सभी का धन्यवाद।