रायपुर। रायगढ़ जिले के तमनार विकासखंड के ग्राम देवगढ़ की रुकमणी कुंवर ने अपने हुनर और मेहनत के दम पर गृहिणी से आत्मनिर्भर महिला बनने का सफर तय किया है। कभी परिवार की जिम्मेदारियां संभालने वाली रुकमणी अब सीमेंट से मंदिर और विभिन्न सजावटी सामग्री तैयार कर अपने हुनर को रोजगार का जरिया बना चुकी हैं। इस काम से उन्हें वर्तमान में हर महीने करीब 45 हजार रुपये तक की आमदनी हो रही है।
बिहान योजना से मिला आर्थिक संबल
रुकमणी कुंवर बिहान योजना के तहत गठित स्व-सहायता समूह से जुड़ीं। समूह में शामिल होने के बाद उन्होंने नियमित रूप से बचत शुरू की। इसके बाद आरएफ, सीआईएफ और बैंक ऋण के माध्यम से आर्थिक सहायता लेकर उन्होंने सीमेंट से मंदिर और सजावटी सामान बनाने का व्यवसाय शुरू किया।
शुरुआत में सीमित संसाधनों के साथ काम करने वाली रुकमणी ने धीरे-धीरे अपने कारोबार का विस्तार किया। वर्तमान में उन्होंने बैंक से करीब 50 हजार रुपये का ऋण लिया है, जबकि समूह से भी 20 हजार रुपये का ऋण लेकर अपने काम को आगे बढ़ाया है।
सीमेंट से तैयार करती हैं आकर्षक सामग्री
रुकमणी सीमेंट से छोटे-बड़े मंदिरों के साथ घर की सजावट और पूजा-पाठ में उपयोग होने वाली विभिन्न वस्तुएं तैयार करती हैं। तैयार उत्पादों को स्थानीय स्तर पर बेचकर उन्हें अच्छी आमदनी हो रही है।
समूह की बचत, ऋण सुविधा और बिहान योजना से मिले आर्थिक सहयोग ने उनके लिए अपने हुनर को कारोबार में बदलना आसान बनाया। आज वह परिवार की जरूरतों को पूरा करने में आर्थिक योगदान देने के साथ ही गांव की अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणा बन रही हैं।
ग्रामीण महिलाओं को मिल रहा स्वरोजगार का अवसर
छत्तीसगढ़ शासन की बिहान योजना के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को स्व-सहायता समूहों से जोड़कर उन्हें स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। योजना के तहत महिलाओं को विभिन्न आयमूलक गतिविधियों के लिए प्रशिक्षण के साथ रोटेशनल फंड, कम्युनिटी इन्वेस्टमेंट फंड और बैंक ऋण के माध्यम से आर्थिक सहायता दी जाती है।
महिलाएं पशुपालन, सिलाई, मसाला और अचार निर्माण सहित कई व्यवसायों से जुड़कर अपनी आय बढ़ा रही हैं। स्थानीय हाट-बाजारों और सरस मेलों के जरिए महिला समूहों को अपने उत्पाद बेचने के लिए बाजार भी उपलब्ध कराया जा रहा है।
रुकमणी की कहानी बताती है कि हुनर, मेहनत और सही आर्थिक सहयोग मिले तो ग्रामीण महिलाएं अपने कौशल को रोजगार में बदलकर आत्मनिर्भर बन सकती हैं।