रायपुर। गायक केके के निधन पर राज्यपाल उइके ने शोक जताया है. ट्वीट कर लिखा – संगीत की दुनिया में एक और रूहानी आवाज़ ख़ामोश हो गई। भारतीय सिनेमाजगत में अपनी एक अलग पहचान बनाने वाले जाने-माने गायक कृष्णकुमार कुन्नथ (के के) जी के निधन का दुःखद समाचार मिला। ईश्वर से प्रार्थना है कि उनकी आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं परिजनों एवं प्रशंसकों को संबल दे।
अपनी आवाज से जादू बिखेरने वाले सिंगर की अचानक मौत (Singer KK Demise) होने से हर कोई स्तब्ध है. केके के प्रशंसकों से लेकर संगीत जगत की बड़ी हस्तियों तक हर कोई केके को याद कर रहा है. क्या आपको पता है कि केके अपने एलबम्स और स्टेज शो से लाखों में कमाई करते थे? आइए देखते हैं कि मशहूर सिंगर अपने पीछे परिवार के लिए कितनी संपत्ति छोड़ गए हैं…
केके का मूल नाम कृष्ण कुमार कुन्नत था, लेकिन वह स्टेज नेम ‘केके’ से ही फेमस हो गए. उनका जन्म दिल्ली में एक मलयाली परिवार में हुआ. उन्होंने अपनी पढ़ाई भी दिल्ली से ही की. शुरुआती पढ़ाई माउंट सेंट मैरीज स्कूल से हुई तो ग्रेजुएशन दिल्ली यूनिवर्सिटी के किरोड़ीमल कॉलेज से. बचपन से ही संगीत में रूचि रखने वाले केके ने इसकी कोई औपचारिक तालीम नहीं ली. अपनी प्रतिभा के दम पर वह न सिर्फ बॉलीवुड में स्थापित हुए, बल्कि अन्य भाषाओं में भी उन्होंने गाने गाए.
जिंगल्स गाकर सिंगिंग करियर शुरू करने वाले केके को एआर रहमान ने फिल्मों में गाने का ब्रेक दिया. देखते-देखते वह जाने-पहचाने नाम बन गए और उनके गाए गाने लोगों की जुबान पर चढ़ने लगे. इसका असर उनकी कमाई पर भी हुआ. मशहूर हस्तियों की कमाई और संपत्ति ट्रैक करने वाली वेबसाइट सेलेबवर्थ के हिसाब से केके हर रोज लाखों में कमाते थे. वेबसाइट के अनुसार, केके की टोटल नेटवर्थ 8 मिलियन डॉलर यानी 62.06 करोड़ रुपये थी. वह रॉयल्टी और स्टेज शो आदि से हर रोज 2,739.73 डॉलर यानी 2,12,557.16 रुपये कमाते थे.