गाजियाबाद। जिले के मसूरी थाना क्षेत्र के कल्लूगढ़ी रेलवे फाटक के पास रेलवे ट्रैक पर एक युवती और दो युवक रील शूट कर रहे थे। तभी ट्रेन की चपेट में आने से तीनों की मौत हो गई। सूचना पर मौके में पहुंची पुलिस ने तीनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बता दें कि घटना बुधवार रात के 9 बजे कल्लूगढ़ी फाटक और डासना स्टेशन के बीच में हुआ। पद्मावत एक्सप्रेस गाजियाबाद से मुरादाबाद की तरफ जा रही थी। तभी ट्रेन के लोको पायलट ने बताया कि तीन युवक-युवती ट्रेन की पटरी पर खड़े थे। उनके मोबाइल की फ्लैश लाइट चालू थी, जिससे ये प्रतीत हो रहा था कि वो वीडियो शूट कर रहे हैं। पायलट ने कई बार हॉर्न भी दिया, लेकिन वे हटे नहीं और ट्रेन के चपेट में आ गए।
पुलिस ने बताया कि मरने वाले एक व्यक्ति के मोबाइल की डिस्प्ले स्क्रीन टूट गई, लेकिन वह काम कर रहा था। इस मोबाइल के जरिये एक मृतक की पहचान 25 वर्षीय शकील के रूप में हुई। वो मसूरी में खाचा रोड का रहने वाला था और टैक्सी चलाता था। लेकिन बाकी दो मृतकों की पहचान नहीं हो पाई।
पुलिस के मुताबिक लोको पायलट ने पुलिस को जो मेमो भेजा है, उसमें वीडियो बनाने के चक्कर में ट्रेन से कटने की बात लिखी है। डीसीपी रूरल जोन डॉक्टर ईरज राजा ने बताया कि स्टेशन मास्टर से सूचना प्राप्त हुई की कल्लूगढ़ी रेलवे ट्रैक पर एक युवती और दो युवकों द्वारा रील बनाई जा रही है। तभी तेज रफ्तार पद्मावत एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से तीनों की मौत हो गई।