शिवरीनारायण — असत्य पर सत्य की जीत का प्रतीक दशहरा उत्सव को टेम्पल सिटी शिवरीनारायण मे बडे हर्षोल्लास व धुमधाम से मनाया गया। पिछले वर्ष दशहरा उत्सव पर रावण दहन नहीं हो पाने का मलाल नगर के नागरिकों सहित आसपास के जनमानस को था। इसलिए इस वर्ष नगर में भव्य दशहरा उत्सव मनाये जाने का निर्णय स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने लिया था और उसी के अनुरूप ग्राम कटौद के कारीगर से मेला मैदान में रावण का भव्य 50 फुटीय पुतला बनवाया गया था। शुक्रवार 15 अक्टूबर को नगर मॆ हर्षोल्लास के साथ दशहरा उत्सव मनाया गया,जिसमें दूरदराज के लोगों की भी अच्छी खासी भीड़ देखी गई जो दो पहिये,चार पहिये वाहनों से धर्म नगरी शिवरीनारायण पहुंचे थे। रावण दहन से पूर्व नगर मे श्रीराम, लक्षमण ,हनुमान और वानर सेना की जीवंत झांकी निकाली गई, जो गाजे-बाजे के साथ नगर भ्रमण करते हुए रात्रि लगभग 7.30 बजे रावण दहन स्थल पर पहुंची और वहां पर आतिशबाजी के बाद ठीक 8:30 बजे रावण का दहन किया गया। रावण दहन होते ही जन समुदाय खुशी से जय श्रीराम की जयघोष करने लगे और एक दुसरे से गले मिल कर दशहरा पर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं दिए ।
