जैजैपुर/ क्रिश्चियन मेडिकल कॉलेज (सीएमसी), वेल्लोर
द्वारा संचालित फैमिली मेडिसिन के दो वर्षीय ब्लेंडेड लर्निंग पाठ्यक्रम को सफलतापूर्वक पूर्ण करने पर ब्लाक चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर मृत्युंजय राठौर को फैमिली मेडिसिन में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा प्रदान किया गया है। यह पाठ्यक्रम सीएमसी वेल्लोर के डिस्टेंस एजुकेशन यूनिट द्वारा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, छत्तीसगढ़ के सहयोग से संचालित किया गया। डॉ. मृत्युंजय राठौर ने निर्धारित शैक्षणिक मापदंडों, प्रशिक्षण एवं मूल्यांकन की सभी आवश्यकताओं को पूर्ण करते हुए यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। फरवरी 2026 में आयोजित औपचारिक प्रक्रिया के तहत उन्हें यह स्नातकोत्तर डिप्लोमा प्रदान किया गया। इस पाठ्यक्रम का उद्देश्य चिकित्सकों को फैमिली मेडिसिन के क्षेत्र में उन्नत ज्ञान, व्यावहारिक कौशल और आधुनिक चिकित्सा पद्धतियों से सुसज्जित करना है, ताकि वे समुदाय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर सकें। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, छत्तीसगढ़ के सहयोग से संचालित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम से प्रदेश के चिकित्सकों को विशेषज्ञता प्राप्त करने का अवसर मिल रहा है। डॉ. मृत्युंजय राठौर की इस उपलब्धि से न केवल उनका व्यक्तिगत शैक्षणिक स्तर सुदृढ़ हुआ है, बल्कि इससे क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में भी सुधार होने की उम्मीद जताई जा रही है।