देश में कोरोना का कहर तेजी से बढ़ने लगा है. जी हाँ और एक बार फिर से कोरोना का प्रकोप बढ़ता हुआ नजर आ रहा है। बीते 24 घंटे में देश में कोरोना के 15,789 नए मामले सामने आए हैं, जो 100 दिनों में सबसे ज्यादा हैं। बीते शुक्रवार को 20 मरीजों की मौत हो गई और देश में कोरोना पॉजिटिविटी रेट बढ़कर 4.32 % पर पहुंच गई है। इसी के साथ देश के पांच राज्यों में पॉजिटिविटी रेट करीब 8% से ज्यादा है. आप सभी को बता दें कि इससे एक दिन पहले बीते गुरुवार को 17,336 नए केस मिले थे और 13 लोगों की मौत हुई।
इसी के साथ देश में एक्टिव केस यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या भी बढ़कर 90,272 हो गई है। बीते 24 घंटे में 12,357 मरीज रिकवर हुए हैं। इसी के साथ आपको बता दें कि देश में मामले बढ़ने के साथ ही एक बार फिर से चौथी लहर को लेकर एक्सपर्ट्स चेतावनी दे रहे हैं। जी दरअसल एक्सपर्ट्स के मुताबिक, कोरोना की चौथी लहर जुलाई में आने की संभावना है जो कि अक्टूबर तक चल सकती है। केवल यही नहीं बल्कि इसका पीक अगस्त के आसपास हो सकता है। वहीं दूसरी तरफ देश में कोरोना से हुई मौतों को लेकर मेडिकल जर्नल द लैंसेट ने बड़ा दावा किया है।