दुर्ग। जिले के पहले पखवाड़े में हो रही बेमौसम बारिश से रवि फसल को 35 से 40 फीसद तक नुकसान पहुंचने की आशंका है। चना, गेहूं, मसूर, तिवरा व सब्जी की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है।
मौसम विभाग ने आगे भी आसमान पर बादल छाने के साथ ही बारिश होने की चेतावनी दी है। यदि आने वाले दिनों में भी मौसम का हाल ऐसा ही बना रहा तो किसानों का नुकसान और बढ़ सकता है।
वहीं बारिश का असर अधिकतम और न्यूनतम तापमान पर भी देखने को मिल रहा है। अधिकतम तापमान में जहां गिरावट आई है वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य के बराबर पहुंच गया है।
जिले में सोमवार सुबह से आसमान पर बादल छाए रहने के साथ ही बारिश भी हो रही है। मंगलवार को भी रिमझिम बारिश होती रही। बादल और बारिश की वजह से रवि फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। जिले में करीब 33 हजार हेक्टेयर में रवि फसल लगाई है। जिसमें करीब आठ हजार हेक्टेयर में गेहूं, नौ हजार हेक्टेयर में चना, 10 हजार हेक्टेयर में लाखड़ी और छह हजार हेक्टेयर में सब्जी फसल शामिल है।