रेलवे कर्मचारी से 1 लाख की ठगी, मोबाइल हैकिंग का दावा

बिलासपुर. तोरवा थाना क्षेत्र में मोबाइल हैकिंग के जरिए एक रेलवे कर्मचारी के बैंक खाते से 1 लाख 14 हजार 997 रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है. पीड़ित ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है. प्रार्थी मो. मोइनुल हक निवासी कासिमपारा मस्जिद के पास, तोरवा ने पुलिस को बताया कि, वह रेलवे विभाग में ट्रेन मैनेजर के पद पर कार्यरत है. उनका एयरटेल कंपनी का मोबाइल नंबर भारतीय स्टेट बैंक, शाखा तोरवा जगमल चौक के खाते से जुड़ा हुआ है. 27 जनवरी को उनके मोबाइल में फोनपे एप काम करना बंद हो गया था.

31 जनवरी को बैंक जाकर जब उन्होंने खाते का स्टेटमेंट निकलवाया तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ. खाते से अलग-अलग तारीखों में कई बार राशि निकाली गई थी. 27 जनवरी को 10-10 हजार रुपए दो बार और 5 हजार रुपए एक बार, 28 व 29 जनवरी को 5-5 हजार रुपये, जबकि 31 जनवरी को 10-10 हजार रुपये दो बार और 5 हजार रुपये एक बार निकाले गए. इसके अलावा 19,999 रुपये की दो बार, 9,999 रुपये एक बार और 5,000 रुपये एक बार की ट्रांजेक्शन भी सामने आई.

कुल मिलाकर 1,14,997 रुपये की अवैध निकासी हुई. पीड़ित का आरोप है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसका मोबाइल हैक कर डिजिटल भुगतान माध्यम से उक्त रकम की धोखाधड़ी की है. मामले की रिपोर्ट तोरवा थाने में दर्ज कर ली गई है. पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और साइबर सेल की मदद से आरोपी की तलाश की जा रही है.

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *