केंद्रों में खरीदी बंद, खुले में रखे लाखों क्विंटल धान भीगा

दुर्ग। जिले में मंगलवार से शुरू हुई बारिश का सिलसिला बुधवार को भी जारी रहा। इस अवधि में जिले में रिकार्ड 95.4 मिमी बारिश हुई है। बारिश की वजह से जिले के सभी 94 केंद्रों में धान खरीदी बंद हो गई है।
उपार्जन केंद्रों और खलिहानों में लाखों क्विंटल धान खुले में रखा हुआ है जो बारिश की पानी में भीग गया है। वहीं रवि में लगया गया चना,गेहूं,तिवरा व सब्जी फसल को भी भारी नुकसान पहुंचा है। कृषि विभाग द्वारा बारिश से हुए नुकसान की जानकारी मैदानी अमले से मंगवाई जा रही है।
मौसम में बदलाव के बाद जिले में मंगलवार से बारिश हो रही है। बारिश का सिलसिला बुधवार को भी जारी रहा। शाम चार बजे के आसपास कुछ देर के लिए सूर्यदेव के दर्शन हुए लेकिन आसमान को फिर बादलों ने घेर लिया और बारिश शुरू हो गई।
मौसम मंगलवार रात से लेकर बुधवार सुबह 6.30 बजे तक जिले में 56 मिमी बारिश हुई है। वहीं सुबह 6.30 से शाम 5.30 बजे तक 39.4 मिमी वर्षा रिकार्ड की गई है। जिले में सबसे अधिक बारिश धमधा ब्लाक में 48.4 मिमी होना बताया जा रहा है। जबकि पाटन ब्लाक में 42 मिमी औसत वर्ष सुबह 6.30 बजे तक दर्ज की गई थी।
खलिहानों में रखा है 23 लाख क्विंटल
जिला सहकारी केंद्रीय बैंक दुर्ग से प्राप्त जानकारी के अनुसार बारिश के बाद जिले के सभी 94 केंद्रों में धान खरीदी बंद हो गई है। खरीद केंद्रों में पानी भर गया है। खरीदे गए धान की सुरक्षा को लेकर केंद्रों में कर्मचारी व्यवस्था बनाने में लगे हुए हैं।
अभी भी करीब 23 लाख क्विंटल धान खलिहानों में रखा हुआ है, जबकि 12 लाख क्विंटल से अधिक धान खरीद केंद्रों में रखे हुए हैं। ये सभी धान खुले में पड़े हुए हैं। जो बारिश के पानी में भीग रहे हैं। हालाकि प्रशासन द्वारा खरीद केद्रों में रखे धान के सुरक्षित होने का दावा किया जा रहा है। फिर भी केंद्रों में धान भीगा हुआ नजर आ रहा है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *