‘पंजाब ने मुझे तब रोटी खिलाई है, जब मैं एक साधारण कार्यकर्ता था..’, जालंधर में बोले पीएम मोदी

अमृतसर: पंजाब की चुनावी जंग में अब सभी दलों ने अपनी पूरी जान लगा दी है। सीमावर्ती सिख बहुल राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) भी इस बार शिरोमणि अकाली दल से गठबंधन किए बिना चुनावी दंगल में उतरी हुई है। पंजाब में अपने लिए सियासी जमीन खोज  रही भाजपा ने अब अपने ‘ट्रंप कार्ड’ पीएम नरेंद्र मोदी को चुनाव प्रचार के लिए मैदान में उतार दिया है।

पीएम मोदी आज पंजाब के जालंधर में चुनावी रैली को संबोधित कर रहे हैं। जनसभा को सम्बोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि, गुरुओं, पीरों, फकीरों,महान क्रांतिकारियों और जनरलों की धरती पर आना अपने आप में बहुत बड़ा सुख है। मैं सभी गुरुओं को प्रणाम करते हुए जालंधर की धरती से  शक्तिपीठ देवी तालाब की देवी माता त्रिपुरमालिनी को श्रद्धापूर्वक नमन करता हूं। उन्होंने कहा कि, आज जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में हुए आतंकी हमले की, हमारे वीर शहीदों की तीसरी बरसी है। मैं पंजाब की धरती से भारत मां के वीर शहीदों के चरणों में श्रद्धापूर्वक सर झुकाता हूं।

पीएम मोदी ने आगे कहा कि, आज मेरी इच्छा थी कि देवी जी के चरणों में जाकर नमन करूं, उनका आशीर्वाद लूं। लेकिन यहां के प्रशासन और पुलिस ने हाथ खड़े कर दिए। उन्होंने कहा कि हम व्यवस्था नहीं कर पाएंगे आप हेलीकॉप्टर से ही चले जाइये। पंजाब ने मुझे तब रोटी खिलाई है जब मैं भाजपा का एक साधारण कार्यकर्ता के तौर पर यहां गांव-गांव में काम करता था। पंजाब ने मुझे इतना कुछ दिया है कि मैं इसका कर्ज उतारने के लिए जितनी सेवा करता हूं, मुझे उतनी ही और मेहनत करने का मन करता है। उन्होंने कहा कि बीते वर्षों में आप सभी ने देश के लिए मेरी मेहनत देखी है। हम देश के लिए जो संकल्प लेते हैं, उसे हम प्रकल्प बनाते हैं और प्रकल्प को परिपूर्ण करने के लिए जीवन खपा देते हैं।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *