प्रिंसिपल ने बोर्ड परीक्षा में किया धांधली, शिक्षा अधिकारी ने दिए जांच के निर्देश

कोरबा। जिले के पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के एक स्कूल में बोर्ड परीक्षा के दौरान प्रिंसिपल की संदिग्ध गतिविधियों का मामला सामने आया है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने जांच की और अपनी रिपोर्ट जिला शिक्षा अधिकारी को भेज दी है। साथ ही इस पर जरूरी कार्रवाई करने की अनुशंसा भी की गई है। यह रिपोर्ट शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पिपरिया के प्रिंसिपल ललित कुमार चंद्रा के खिलाफ तैयार की गई है।

उड़नदस्ता टीम ने 27 फरवरी 2026 और 2 मार्च 2026 को परीक्षा केंद्र का आकस्मिक निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान, 27 फरवरी को कक्षा 12वीं की जीव विज्ञान परीक्षा के समय प्रिंसिपल ललित कुमार चंद्रा को परीक्षा कक्षों में घूमते हुए देखा गया। जबकि, उस दिन उनकी ड्यूटी परीक्षा कार्य में नहीं लगी थी। उड़नदस्ता टीम ने उन्हें समझाइश देते हुए परीक्षा अवधि में विद्यालय में उपस्थित न रहने की हिदायत दी थी।

इसके बावजूद, 2 मार्च 2026 को कक्षा 12वीं की गणित विषय की परीक्षा के दौरान भी प्रिंसिपल को दोबारा परीक्षा कक्षों में घूमते हुए पाया गया। उसी दिन उनकी बहू भी कक्षा 12वीं की परीक्षा में शामिल थी, जिसके कारण परीक्षा के दौरान उनकी उपस्थिति को संदिग्ध माना गया। रिपोर्ट में बताया गया है कि उड़नदस्ता टीम और केंद्राध्यक्ष ने प्रिंसिपल को कई बार समझाया, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने परीक्षा के दौरान बाधा डाली।

अधिकारियों का कहना है कि यह व्यवहार सरकारी काम के प्रति लापरवाही और अनुशासनहीनता को दर्शाता है, जो छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 का उल्लंघन है। जांच रिपोर्ट जिला शिक्षा अधिकारी को सौंप दी गई है। इस घटना के सामने आने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है, और स्थानीय लोगों द्वारा इस मामले पर कई सवाल उठाए जा रहे हैं।

प्रिंसिपल ने बोर्ड परीक्षा में किया धांधली, शिक्षा अधिकारी ने दिए जांच के निर्देश

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *