रायपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज प्रदेश में कोरोना प्रबंधन की समीक्षा करेंगे। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हो रही इस बैठक में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी शामिल होने वाले हैं। यह बैठक शाम 4.30 बजे से प्रस्तावित है। कोरोना की तीसरी लहर का असर घातक होता दिख रहा है। बुधवार को भी छत्तीसगढ़ में चार कोरोना मरीजों की इलाज के दौरान मौत हो गई। तीसरी लहर के तीसरे सप्ताह में रायपुर और दुर्ग जिलों में हालात बेकाबू हो गए हैं। बुधवार को रायपुर में ही एक हजार 785 नए मरीज मिले। 188 लोग ठीक हुए और चार की मौत हुई। यहां अब मरीजों की संख्या बढ़कर 8 हजार 859 हो गई है। इस समय रायपुर का संक्रमण दर 21.09% तक पहुंच गया है। वहीं, 5 हजार 476 नए मामले सामने आए। तीसरी लहर के दौरान यह लगातार तीसरा दिन है जब चार मरीजों की मौत हुई हो। यहां मंगलवार 11 जनवरी को भी चार मरीजों की मौत हुई थी, जिनमें दो रायपुर और एक-एक बिलासपुर और रायगढ़ के थे। रायपुर में एक डेढ़ साल के बच्चे की मौत हुई थी। 10 जनवरी को चार मरीजों की मौत हुई थी। इनमें दो की मौत केवल कोरोना संक्रमण की वजह से बताई गई। 9 जनवरी को प्रदेश में दो मरीजों की जान गई थी, वहीं 8 जनवरी को 4 मरीजों की जान गई। कोरोना संक्रमण की शुरुआत से अब तक प्रदेश के 10 लाख 38 हजार 60 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 13 हजार 627 लोगों की इस महामारी में जान चली गई।