पोल्ट्री फार्म कारोबारियों को 50 लाख का नुकसान, बर्ड फ्लू का खतरा

बिलासपुर। बर्ड फ्लू फैलने के बाद जिला प्रशासन ने अलर्ट जारी कर सख्त कदम उठाए हैं। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने शहर से लगे कोनी स्थित शासकीय कुक्कुट प्रक्षेत्र में एवियन इन्फ्लूएंजा (बर्ड फ्लू) की पुष्टि होने के बाद चिकन और अंडों की बिक्री पर पूरी तरह से 10 किलोमीटर के दायरे में रोक लगा दी है। नगर निगम और ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालन-खाद्य विभाग की संयुक्त टीमों को पोल्ट्री फार्म, होटलों और चिकन दुकानों को बंद कराने का जिम्मा सौंपा गया है। इसके कारण निगम क्षेत्र में रोजाना करीब 50 लाख रुपए का कारोबार प्रभावित हो रहा है।

पशुपालन, नगर निगम और खाद्य विभाग की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं। अगर कहीं चिकन या अंडों की बिक्री करते हुए पाया गया, तो संबंधित सामग्री जप्त कर नष्ट की जाएगी। इसके अलावा होटलों और रेस्टोरेंट्स में भी चिकन और अंडों के उपयोग और बिक्री पर रोक है, जिसकी निगरानी खाद्य विभाग कर रही है। पशुपालन विभाग के संयुक्त संचालक डॉ. जीएसएस. तंवर ने बताया कि संक्रमित क्षेत्र के साथ ही आसपास के 10 किमी के दायरे में किसी भी प्रकार की चिकन और अंडे की खरीद-बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित कर दी गई है। इसके लिए 4-4 सदस्यों की 9 अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं, जो लगातार क्षेत्र में निरीक्षण कर रही है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *