PM मोदी ने लिखा 11वीं के छात्र को पत्र, वजह है बहुत ही खास

देहरादून: पीएम नरेन्द्र मोदी वक़्त-वक़्त पर संवाद स्थापित कर भारत की युवा पीढ़ी, विशेष तौर पर विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाते रहते हैं। ‘मन की बात’ हो, ‘परीक्षा पर चर्चा’ हो या व्यक्तिगत संवाद हो, पीएम मोदी ने हमेशा तमाम माध्यमों से युवाओं की चिंताओं एवं जिज्ञासाओं को समझकर उनका उत्साहवर्धन किया है। इसी क्रम में पीएम ने एक बार फिर देहरादून के 11वीं कक्षा के विद्यार्थी अनुराग रमोला के पत्र का जवाब देकर उनकी कला तथा उनके विचारों की प्रशंसा की है।

अनुराग के विचारों से प्रभावित होकर पीएम मोदी ने चिट्ठी में लिखा है, “आपकी वैचारिक परिपक्वता, चिट्ठी में लिखे आपके शब्दों तथा पेंटिंग के लिए चुने गए विषय ‘भारत की आजादी के अमृत महोत्सव’ से परिलक्षित होती है। मुझे प्रसन्नता है कि किशोरावस्था से ही आपमें राष्ट्र हित से संबंधित मुद्दों की समझ विकसित हुई है तथा आप एक जिम्मेदार नागरिक के तौर पर देश के विकास में अपने किरदार को अच्छी तरह समझते हैं।” आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सभी भारतवासियों के योगदान की प्रशंसा करते हुए पीएम ने आगे लिखा, “आजादी के इस अमृत काल में सामूहिक शक्ति की ऊर्जा तथा ‘सबका प्रयास’ के मंत्र के साथ देश आगे बढ़ रहा है। आने वाले सालों में एक मजबूत तथा समृद्ध भारत के निर्माण में हमारी युवा पीढ़ी का योगदान अहम होगा।”

वही अनुराग को सफल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए, पीएम मोदी ने भरोसा जताया कि वे जीवन में रचनात्मकता तथा योग्यता-अनुरूप सफलता के साथ आगे बढ़ते रहेंगे। अनुराग को प्रेरित करने के लिए इस पेंटिंग को नरेन्द्र मोदी ऐप एवं पोर्टल पर भी अपलोड किया गया है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले अनुराग ने पीएम को चिट्ठी लिखकर राष्ट्र हित से संबंधित विषयों पर अपने विचारों से अवगत कराया था। अनुराग ने अपने चिट्ठी में लिखा था कि विपरीत हालातों में भी धीरज नहीं खोना, पूरी मेहनत एवं  ईमानदारी से अपने लक्ष्य की तरफ आगे बढ़ना तथा सबको साथ लेकर चलने की प्रेरणा उन्हें पीएम मोदी से मिलती है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *