युद्ध के बीच 35 मिनट तक राष्ट्रपति जेलेंस्की से पीएम मोदी ने की बात, अब पुतिन को लगाएंगे फ़ोन

नई दिल्ली: रूस और यूक्रेन में जारी युद्ध के बीच कूटनीतिक गलियारों से बड़ी खबर सामने आ रही है. सरकार के शीर्ष सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच पीएम नरेंद्र मोदी ने आज सुबह यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की से लंबी चर्चा की है. दोनों राष्ट्राध्यक्षों के बीच करीब 11.30 बजे 35 मिनट तक फोन पर वार्ता हुई.

पीएम मोदी और राष्ट्रपति जेलेंस्की ने यूक्रेन में पैदा हुई जंग की स्थिति पर बातचीत की और इसके अलग अलग आयामों पर मंथन किया. सूत्रों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, पीएम मोदी ने रूस और यूक्रेन के बीच जारी सीधी बातचीत की भी तारीफ की. पीएम मोदी ने यूक्रेन से भारतीय नागरिकों को निकालने में यूक्रेन सरकार द्वारा दी गई मदद के लिए राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की को धन्यवाद भी कहा. पीएम मोदी ने सुमी से भारतीय नागरिकों को निकालने के लिए यूक्रेन सरकार से सहयोग मांगा. दोपहर बाद 1:30 बजे पीएम मोदी रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से बात करने वाले हैं.

बता दें कि भारत की चिंता यूक्रेन के सुमी शहर में फंसे अपने नागरिकों को वापस लाने की है. इस बीच राष्ट्रपति पुतिन ने कीव, सुमी, खारकीव और मारियूपोल में युद्ध विराम की घोषणा कर दी है. पीएम मोदी ने कुछ दिन पहले ही रूस के राष्ट्रपति पुतिन से बात की थी. पीएम मोदी ने यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की के साथ भी बात की थी.

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *