पीएम नरेन्द्र मोदी के तीन दिवसीय गुजरात (PM Narendra Modi in Gujarat) दौरे का आज अंतिम दिन है। पीएम मोदी गांधीनगर स्थित महात्मा मंदिर में आयोजित ग्लोबल आयुष इन्वेस्टमेंट एंड इनोवेशन समिट का उद्घाटन करेंगे। इस मौके पर डब्ल्यूएचओ के महानिदेशक टेड्रोस घेब्रेयसस और मारीशस के प्रधानमंत्री प्रविंद कुमार जगन्नाथ भी मौजूद हैं।
– पीएम मोदी थोड़ी देर में वैश्विक आयुष निवेश और नवाचार शिखर सम्मेलन के उद्घाटन करेंगे।
तीन दिन तक चलेगा शिखर सम्मेलन
ये शिखर सम्मेलन तीन दिन तक चलेगा। शिखर सम्मेलन में लगभग 90 प्रख्यात वक्ताओं और 100 प्रदर्शकों की उपस्थिति के साथ पांच पूर्ण सत्र, आठ गोलमेज सम्मेलन, छह कार्यशालाएं और दो संगोष्ठियां होंगी। शिखर सम्मेलन निवेश क्षमता को उजागर करने में मदद करेगा। यह नवाचार, अनुसंधान और विकास, स्टार्ट-अप पारिस्थितिकी तंत्र और कल्याण उद्योग को बढ़ावा देगा।
यह उद्योग जगत के नेताओं, शिक्षाविदों और विद्वानों को एक साथ लाने में मदद करेगा और भविष्य के सहयोग के लिए एक मंच के रूप में कार्य करेगा। सम्मेलन के दौरान परंपरागत चिकित्सा व्यवस्था को बढ़ावा देने के उपायों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। इस सम्मेलन का उद्देश्य बेहतर निवेश आकर्षित कर देश को ग्लोबल आयुष केंद्र बनाना है।
दाहोद में आदिवासी सम्मेलन
पीएम इसके अलावा आज दोपहर साढ़े 3 बजे दाहोदा में करीब 22,000 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। मोदी दाहोद में आदिवासी सम्मेलन को भी संबोधित करेंगे। आदिजाति महा सम्मेलन में दो लाख से अधिक लोगों के भाग लेने की उम्मीद है। भाजपा ने इसके लिए जोरदार तैयारियां की हैं।