दुर्ग। लोक निर्माण विभाग कार्यालय और नया बस स्टैंड के बीच निगम की पानी सप्लाई वाली पाइप चार दिन से फूटी हुई है। लोक निर्माण विभाग द्वारा नाली निर्माण के लिए की गई खोदाई से पाइप लाइन फूटना बताया जा रहा है।
यहां पिछले चार दिनों से लगातार पानी बह रहा है लेकिन निगम प्रशासन ने फूटी पाइप लाइन की मरम्मत करवाने नहीं हुई ।
लोक निर्माण विभाग द्वारा पटेल चौक से नेहरू नगर तिराहा तक सड़क चौड़ीकरण व सुंदरीकरण का कार्य किया जा रहा है। चौड़ीकरण के तहत लोक निर्माण विभाग द्वारा इन पानी निकासी के लिए सड़क किनारे नाली का निर्माण किया जा रहा है। नाली निर्माण के लिए ठेकेदार द्वारा जेसीबी से खोदाई की जा रही है।
खोदाई के दौरान लोक निर्माण विभाग कार्यालय और नया बस स्टैंड के बीच निगम की पानी सप्लाई वाली पाइप लाइन फूट गई है।
पाइप लाइन शुक्रवार को फूटना बताया जा रहा है। फूटी पाइप लाइन से रोजाना पानी सप्लाई के दौरान बड़ी मात्रा में पानी बह रहा है। लेकिन इसकी मरम्मत को लेकर न ही नगर निगम ध्यान दे रहा है और न ही लोक निर्माण विभाग। दोनों विभागों की लापरवाही की वजह से रोजाना सैकड़ों गैलन पानी सड़क व नाली पर व्यर्थ बह रहा है।
कई स्थानों पर फूटी पाइप लाइन
लोक निर्माण विभाग द्वारा इन दिनों जीई रोड पर जिला सहकारी केंद्रीय बैंक दुर्ग कार्यालय के सामने से राजेंद्र पार्क चौक तक सड़क के एक ओर नाली का निर्माण किया जा रहा है। यह काम करीब महीने भर से चल रहा है। नाली निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग के ठेकेदार द्वारा जेसीबी से खोदाई की जा रही है।
पिछले दिनों की गई खोदाई से जिला सहकारी केंद्रीय बैंक दुर्ग के सामने दो स्थानों पर पाइप लाइन फूट गई थी। इस वजह से केलाबाड़ी व कसारीडीह क्षेत्र में जलापूर्ति प्रभावित रहा। इसके बाद चर्च के सामने और राजेंद्र पार्क चौक के निकट भी पानी सप्लाई वाली लाइन को फोड़ दिया गया।