दुर्ग। सरकारी कार्यालयों में सप्ताह में पांच दिवसीय कार्यदिवस की घोषणा के बाद भी कुछ विभागों में सरकारी कर्मचारी सुबह 10 बजे निर्धारित समय पर अपनी उपस्थिति दर्ज नहीं करा रहे हैं। गुरुवार को दुर्ग निगम में सात कर्मचारी निर्धारित समय पर कार्य में उपस्थित नहीं हुए थे।
निगम आयुक्त ने इन कर्मचारियों का एक दिन का वेतन रोकने का आदेश दिया है।
सरकारी कार्यालयों में सप्ताह में पांच दिवसीय कार्यदिवस की घोषणा के बाद सरकारी अधिकारी व कर्मचारियों को सोमवार से शुक्रवार तक रोजाना सुबह 10 बजे कार्यालय पहुंचना है और शाम 5.30 बजे तक काम करना है। लेकिन कुछ कर्मचारी अभी भी निर्धारित समयावधि पर कार्यालय नहीं पहुंच रहे हैं। गुरुवार को दुर्ग निगम आयुक्त हरेश मंडावी ने निगम के सभी विभागों का औचक निरीक्षण कर कर्मचारियों की उपस्थिति के संबंध में जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने हाजिरी रजिस्टर को भी चेक किया।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने सात कर्मचारियों को सुबह 10 बजे उपस्थित नहीं होना पाया। इस पर उक्त कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटने निर्देश दिया गया। निगम आयुक्त ने सबसे पहले भवन अनुज्ञा विभाग से निरीक्षण की शुरूआत की। उसके बाद अभियंता कक्ष, लेखा विभाग, अतिक्रमण विभाग, जनसंपर्क विभाग,लोक कर्म विभाग,जन्म मृत्यु लाइसेंस विभाग,स्वास्थ्य विभाग, लोक सेवा केंद्र, राजस्व विभाग, स्थापना शाखा एव संपत्तिकर विभाग, टैक्स कलेक्शन काउंटर, जन सूचना विभाग, सचिवालय, राजस्व विभाग, कम्प्यूटर शाखा स्थापना विभाग, राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के अलावा अन्य विभागों में पहुंचकर कर्मचारियों की उपस्थिति रजिस्टर की जांच की।