किरंदुल. सर्वे भवन्तु सुखिनः सर्वे सन्तु निरामया की मंगल कामनाओं सहित बैलाडीला देवस्थान समिति श्री राघव मन्दिर के द्वारा चैत्र शुक्ल प्रतिपदा विक्रम संवत 2079 के सुअवसर पर शुभ मुहूर्त में घटस्थापना की गई। विगत 2 वर्षों तक कोविड-19 के संक्रमण से रोकथाम हेतु पूरे नगर परिवार की ओर से मंदिर समिति द्वारा 5 ज्योति कलश प्रज्ज्वलित कर नवरात्रि पर्व मनाया जाता था, किन्तु अब पुनः 2 साल पूर्व की भांति भव्य रूप में मनाया जा रहा है। इस नवरात्रि पर्व में श्रद्धालुओं द्वारा 137 ज्योति कलश प्रज्जवलित किये गए हैं। बैलाडीला देवस्थान समिति श्री राघव मन्दिर के पदाधिकारियों, सदस्यों, गायत्री परिवार के सदस्यों की उपस्थिति में श्री राघव मन्दिर के प्रधान पुजारी सत्येंद्र प्रसाद द्वारा विधिविधान से घट स्थापना की गई।
