बिलासपुर । कोरोना महामारी ने जनवरी में जैसे रफ्तार पकड़ी थी, उसी गति से फरवरी माह में धीमी पड़ने लगी है। शुक्रवार को संख्या 50 से कम हो गई है। जिले में सिर्फ 43 मरीज मिले हैं। वहीं एक बार फिर मौत का सिलसिला थम गया है। राहत यह भी है कि जितने भी मरीज मिल रहे हैं, उनमें से आधे में कोरोना के लक्षण नहीं मिले हैं। इनमें लक्षण मिल रहे हैं वे भी बिल्कुल सामान्य हैं। वहीं, जिस रफ्तार से मरीज मिल रहे हैं, उससे ज्यादा मरीज ठीक भी हो रहे हैं। शुक्रवार को 60 मरीज ठीक हुए हैं।
आंकड़ो के मुताबिक कुछ मामलों को छोड़ दिया जाए तो अधिकतर मरीज 10 दिन के भीतर ठीक हो जा रहे हैं। वैसे भी स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने कोरोना टीकाकरण की रफ्तार को देखते हुए संभावना जता दी थी कि फरवरी माह में तीसरी लहर का पीक खत्म हो जाएगा और लोग यदि सावधानी बरतें तो फरवरी अंतिम तक महामारी सामान्य स्थिति में आज जाएगी। अब यह आकलन सही साबित हो रहा है। हालांकि सुधार आने के बाद भी कोरोना गाइडलाइन का पालन करना जरूरी है, क्योंकि अधिकारियों के मुताबिक लापरवाही से वायरस मजबूत भी हो सकता हैं। यदि ऐसा हुआ तो फिर गंभीर मामले सामने आ सकते हैं।