राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 18वीं लोकसभा को संबोधित करते हुए देश के बुजुर्गों को बड़ी खुशखबरी दे दी है। गुरुवार को उन्होंने कहा कि 70 साल का उम्र पार कर चुके सभी बुजुर्गों का इलाज आयुष्मान योजना के तहत होगा। भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनाव के समय जारी घोषणापत्र में इसका वादा भी किया था। 24 जून से लोकसभा का सत्र शुरू हो चुका है। गुरुवार को संसद भवन में राष्ट्रपति मु्र्मू ने कहा कि, नई सरकार में हम 70 साल से अधिक उम्र के सभी व्यक्तियों को आयुष्मान का फायदा दे रहे हैं। यही नहीं किसानों के प्रति भी सरकार ने लगातार कार्य किए हैं।
किसानों को 20 हजार करोड़ ट्रांसफर किए गए। इससे हमने किसानों को ज्यादा आत्मनिर्भर किया है। इस दौरान राष्ट्रपति मुर्मू ने ‘MY Bharat’ का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सरकार ने युवाओं की राष्ट्र निर्माण में भागीदारी और बढ़ाने के लिए ‘मेरा युवा भारत- MY Bharat’ अभियान की शुरुआत की है। उन्होंने बताया कि इसमें अब तक डेढ़ करोड़ से अधिक युवा रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं। साथ ही कहा कि सरकार डिजिटल यूनिवर्सिटी बनाने की दिशा में भी काम कर रही है।