बिलासपुर। कोरोना टीकाकरण अभियान के तहत जिले के 50 हजार लोग ऐसे है, जिनका दूसरे डोज का टीका लेने का समय आ चुका है। लेकिन ये टीका लगाने में रूचि नहीं ले रहे है। फोन के माध्यम से जिनसे लगातार संपर्क किया जा रहा है।
जिला टीकाकरण अधिकारी डा. मनोज सैमुअल ने बताया कि अब ऐसे लोगो को फोन लगाकर बुलावा देना पड़ रहा है। उन्हें बताया जा रहा है कि दूसरा डोज का समय आ गया है। ऐसे में दूसरा डोज लेकर पूरी तरह से सुरक्षित हो जाए। मालूम हो कि जिले में अभी भी एक लाख से ज्यादा लोग हैं, जिन्होंने टीका की कोई भी डोज नहीं ली है। वही दूसरा डोज न लेने वालों की संख्या भी बढ़ते जा रही है। मौजूदा स्थिति में 50 हजार से ज्यादा को दूसरा डोज लगना है।
ऐसे में इन्हें फोन कर जागरूक किया जा रहा है। टीकाकरण अभियान अपने अंतिम चरण में आ गया है। ऐसे में जल्द से जल्द टीका लगाने की प्रक्रिया पूरी करने पर स्वास्थ्य विभाग जूटा हुआ है। सीएमएचओ डा. प्रमोद महाजन ने सभी केंद्र प्रभारियों को निर्देशित किया है, जिस केंद्र में भीड़ कम चल रही है, वहां के स्टाफ दूसरा डोज वालों को फोन लगाकर उन्हें बुलाकर टीका लगाने के निर्देश दिए है। उन्होंने निर्देश दिया है कि हितग्राहियों को बताए की केंद्र में भीड़ नहीं है। तत्काल आकर टीका लगवाकर सुरक्षा दायरे में आ जाए। वही अब टेलीफोनिक संपर्क दूसरे चरण के टीकाकरण को नई दिशा मिल गई है।
सतर्कता डोज भी धीमा
सतर्कता डोज भी धीमा पड़ गया है। 60 साल से ऊपर आयु वर्ग के और मेडिकल अनफिट भी सतर्कता डोज लेने में रूचि नहीं दिखा रहे है। ऐसे में हर रोज 100 से 200 के बीच सतर्कता डोज लग पा रहा है।