दुर्ग जिले में भिलाई छावनी थाना अंतर्गत एक नवविवाहिता ने अपने ससुराल में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर दो दिन बाद स्वजन उत्तर प्रदेश से भिलाई पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि उसने आत्महत्या नहीं की बल्कि उसकी हत्या हुई है। फिलहाल छावनी पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मृतिका नवविवाहिता का नाम कंचन बताया गया है। कंचन उत्तर प्रदेश के अंबेडकर नगर जिला अंतर्गत जलालपुर की रहने वाली थी। डेढ़ साल पहले 16 फरवरी 2022 को उसकी शादी पावर हाउस निवासी अमित राव (35) के साथ हुई थी। शादी में 5.5 लाख रुपये नगद और सोने चांदी के जेवरात व अन्य दहेज दिया था।
पुलिस ने बताया कि कंचन जब विदा होकर ससुराल आई तो सभी ने उसे बेटी की तरह रखा। इसी बीच राखी का त्यौहार मनाने कंचन अपने मायके यूपी चली गई। 9 सितंबर 2022 को उसका जन्मदिन था। इसलिए वह 20-25 दिन मायके में ही रुक गई। जन्मदिन मनाने के बाद उसके ससुर उसे लेकर जब भिलाई पहुंचे थे। बताया गया कि इस बीच कंचन काफी परेशान रहने लगी। 28 अगस्त 2023 को ससुराल वालों ने कंचन के मायके में बताया कि उसने खुदकुशी कर ली है।
परिजनो ने पुलिस को बताया कि घटना के दिन 28 अगस्त को कंचन से उनकी आधे घंटे से अधिक समय तक बात हुई। कंचन काफी खुश थी। अचानक उसका फोन स्विच आफ हो गया। स्वजनों ने सोचा कि फोन बंद हो गया होगा। इसके कुछ घंटे बाद ससुराल वालों ने फोन किया बताया कि कंचन ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली है। छावनी पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है।