बिरगांव क्षेत्र में बालिकाओं के साथ भेदभाव समाप्त करने और उन्हें सशक्त बनाने के उद्देश्य से चेतना चाइल्ड एंड वूमेन वेलफेयर सोसाइटी ने 24 जनवरी को राष्ट्रीय बालिका दिवस धूमधाम से मनाया। जिसमे बालिकाओं की शिक्षा और उनके अधिकारों को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया।
संस्था ने बालिकाओं के शिक्षा के अधिकार और कानूनी अधिकारों को उजागर करने के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया। इनमें स्कूलों और मोहल्लों में जाकर जागरूकता अभियान चलाना प्रमुख रहा। ऐसे परिवार जहां आर्थिक समस्याओं या सामाजिक रूढ़ियों के कारण बालिकाओं की शिक्षा बाधित हो रही थी, वहां संस्था ने माता-पिता को जागरूक कर बालिकाओं की पढ़ाई को पुनः आरंभ करवाने में सहायता की।
कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं को उनके संवैधानिक अधिकारों जैसे जीवन का अधिकार, समानता का अधिकार, और शिक्षा का अधिकार समझाया गया। बालिकाओं को शिक्षा में उनकी भूमिका और आत्मनिर्भरता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उन्हें प्रोत्साहित किया गया।
संस्था ने बालिकाओं के स्वरोजगार और शिक्षित बनने की दिशा में हमेशा से समर्थन दिया है। इस बार आयोजित कार्यक्रम में विशेष रूप से बालिकाओं को शिक्षा और स्वरोजगार की ओर प्रेरित करते हुए, उनके आत्मविश्वास और उत्साह को बढ़ाने के प्रयास किए गए।
चेतना चाइल्ड एंड वूमेन वेलफेयर सोसाइटी बालिकाओं के सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रयासरत है और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए हर संभव मदद करती रहेगी।